Follow

Subscribe to notifications

Sponsored

latest posts

Recent Posts

राजनीति

आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने रानीगंज में किया चुनाव प्रचार

रानीगंज :- चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को आसनसोल लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। इसी क्रम में आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया चुनाव प्रचार के लिए रानीगंज के जेके नगर इलाके में पहुंचे। भाजपा के आसनसोल दक्षिण ग्रामीण मंडल के तरफ से चुनावी सभा आयोजित की गई। सभा के दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष संदीप गोप, लक्ष्मण मंडल, जिला कमेटी के सदस्य अभय उपाध्याय व संजय यादव समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने खुद को यहां का भूमिपुत्र बताया और कहा की जेके नगर में ही उनका पुराना घर था। अब उस घर का अस्तित्व नहीं बचा है। लेकिन यहां से जुड़ी यादें आज भी ताजा हैं। इसके साथ ही उन्होंने जेके नगर से जुड़ी कई पुरानी यादों को भी साझा किया। भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने संदेशखाली की घटना को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा की संदेशखाली में जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार और उनका शोषण किया गया। उसके खिलाफ महिलाओं ने खुद आवाज उठाई और बताया कि किस तरह से उनके साथ ज्यादती हो रही थी। महिलाओं ने जब विरोध शुरू किया तो उन्हें तरह-तरह से डराने धमकाने की कोशिश की गई और उन्हें मुंह बंद रखने के लिए कहा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई महिलाओं की इज्जत एवं अस्मिता से खिलवाड़ करता है तो क्या उसका विरोध नहीं होना चाहिए। आखिरकार तृणमूल कांग्रेस की सरकार को झुकना पड़ा और पुलिस को संदेशखाली कांड के मुख्य अभियुक्त शेख शाहजहां को गिरफ्तार करना पड़ा।

इसके साथ ही उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार की लक्ष्मी भंडार योजना पर भी कटाक्ष किया। भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गोवा में जब चुनाव प्रचार करने गई थी तब उन्होंने वादा किया था कि गोवा में उनकी सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 5 हजार रुपए देगी। उन्होंने सवाल उठाया कि गोवा में महिलाओं को 5 हजार रुपए देने का वादा किया था और पश्चिम बंगाल की महिलाओं को पहले 500 रुपए दिए जा रहे थे और अब उसे बढ़ाकर 1 हजार रुपए किया गया है तो पश्चिम बंगाल की महिलाओं के साथ दोहरा मापदंड क्यों अपनाया गया।

Leave a Response

Advertise with Public Times

X