
दुर्गापुर में कड़ी सुरक्षा के बीच श्री रामनवमी के उपलक्ष्य में जगह-जगह निकाली गई भव्य शोभायात्रा
दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- गुरुवार को पूरे दुर्गापुर शिल्पांचल में श्री राम नवमी की घूम रही और जगह-जगह भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री रामनवमी की शोभायात्रा में प्रस्तुत की गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जय श्रीराम के नारे से पूरा माहौल गूंज उठा। वहीं दूसरी तरफ श्री रामनवमी को लेकर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक इलाकों में शोभायात्रा के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर नगर निगम के 34 नम्बर वार्ड में श्री रामनवमी की शोभायात्रा आकर्षक का केंद्र रही। शोभायात्रा में एक तरफ जहां एक से बढ़कर एक झांकियां प्रस्तुत की गई थी। वहीं दूसरी तरफ हाथों में धार्मिक ध्वजा लिए युवतियां जयश्री राम के नारे लगा रही थी। साथ में कलश यात्रा भी निकाली गई। महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर पूरे इलाके की परिक्रमा की। भक्ति गीतों की धुन पर युवा थिरक रहे थे और चारों तरफ धार्मिक ध्वज लहरा रहा था। शनि महाराज के मंदिर से शोभा यात्रा की शुरुआत हुई और पूरे वार्ड की परिक्रमा करने के बाद फिर से मंदिर के पास शोभायात्रा का समापन हुआ।
दुर्गापुर नगर निगम के 13 नंबर वार्ड अंतर्गत मेनगेट इलाके में भी श्री राम नवमी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। युवतियों ने लाठी से खेल का प्रदर्शन किया। जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। इसके साथ ही एक से बढ़कर एक झांकियां प्रस्तुत की गई थी। शोभा यात्रा में दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक बोर्ड के सदस्य धर्मेंद्र यादव, दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक लखन घुरुई और कांग्रेस नेता तरुण राय भी शामिल हुए। शोभा यात्रा को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिस रूट से होकर शोभा यात्रा गुजरी वहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस मुस्तैद थी।
दुर्गापुर के एनपीएस रामनवमी कमेटी के तरफ से भी शोभायात्रा निकाली गई सर्वप्रथम एमएएमसी के विवेकानंद मूर्ति से शोभा यात्रा की शुरुआत हुई और पूरे इलाके की परिक्रमा की गई। इस मौके पर बर्दवान दुर्गापुर लोक सभा क्षेत्र के बीजेपी सांसद एसएस अहलूवालिया भी मौजूद थे। उन्होंने मंडप में भगवान श्री राम की पूजा अर्चना की और तमाम लोगों को श्री राम नवमी की शुभकामनाएं दी।