मणिपुर की घटना के विरोध में रानीगंज में तृणमूल महिला कांग्रेस ने निकाला मौन जुलूस

रानीगंज :- मणिपुर में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में रानीगंज ब्लॉक तृणमूल महिला कांग्रेस के तरफ से शनिवार की शाम विशाल मौन जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में बड़ी संख्या में तृणमूल महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता शामिल हुई। यह जुलूस एनएसबी रोड से शहर के विभिन्न इलाकों की परिक्रमा करने के बाद समाप्त हुआ। पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष असीमा चक्रवर्ती ने मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई जगन ने घटना को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र और मणिपुर दोनों जगहों पर भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद भी लगभग 3 महीने से ज्यादा समय बीत चुके हैं और मणिपुर में हालात नियंत्रण में नहीं आ रहे हैं। मणिपुर में महिलाओं के साथ बर्बरता हो रही है। मणिपुर में जिस तरह से महिलाओं को निर्वस्त्र करके सरेआम घुमाया गया और उनके साथ ज्यादती की गई उसकी जितनी भी कड़ी शब्दों में निंदा की जाए कम है।
तृणमूल महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष असीमा चक्रवर्ती ने कहा कि मणिपुर की घटना को लेकर पार्टी राज्य भर में आंदोलन कर रही है। यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस मौके पर तृणमूल महिला कांग्रेस की रानीगंज ब्लॉक की अध्यक्ष नेहा साव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थी।