रानीगंज में आपसी विवाद में पिटाई से एक व्यक्ति की मौत की घटना ने लिया राजनीतिक रंग

रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र के ओल्ड एगरा ग्राम में आपसी विवाद को लेकर कथित तौर पर एक परिवार के सदस्यों द्वारा की गई सामूहिक पिटाई से घायल हुए एक व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार को जब उस व्यक्ति का शव ग्राम में पहुंचा तो उत्तेजना फैल गई। मृतक की पहचान सोमेन बाउरी के रूप में हुई है। वहीं दूसरी तरफ इस घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है और तृणमूल कांग्रेस एवं भाजपा के बीच आरोप प्रत्यारोप शुरू हो गया है।
इस बारे में भाजपा के मंडल अध्यक्ष संदीप गोप कहना है कि लगभग डेढ़ महीने पहले पानी भरने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ था। सोमेन बाउरी ने बीच बचाव करते हुए उन परिवारों को समझाने का प्रयास किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से सोमेन बाउरी की बुरी तरह से पिटाई की गई। उन्हें इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनकी मौत हो गई। भाजपा नेता संदीप गोप ने दावा किया कि मृतक सोमेन बाउरी भाजपा समर्थक था। जबकि जिन लोगों की पिटाई से उसकी मौत हुई है वे लोग तृणमूल कांग्रेस के समर्थक है। इसलिए इस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने भी शिकायत दर्ज करने से इनकार किया था। उन्होंने इस घटना में शामिल अभियुक्त को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की और कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी।
हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर इस घटना को बेवजह राजनीति के रंग देने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बाउरी ने कहा कि लगभग डेढ़ महीने पहले यह विवाद हुआ था तब घायल हुए व्यक्ति के इलाज का प्रबंध करने के लिए तृणमूल समर्थक ही आगे आए थे। उस व्यक्ति की मौत कैसे हुई है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। लेकिन भाजपा इस घटना को लेकर राजनीतिक खेल खेलना चाहती है।