रानीगंज में मनाया गया वन महोत्सव, स्कूली विद्यार्थियों के बीच बांटे गए पौधे

रानीगंज :- पश्चिम बर्दवान जिला वन विभाग के सहयोग से रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं उदय संघ के तरफ से वन महोत्सव मनाया गया। बुधवार को सियारसोल राजबाड़ी मैदान में वन महोत्सव समारोह आयोजित किया गया। जहां बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों के साथ ही विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। सर्वप्रथम यहां स्कूली विद्यार्थियों के बीच वन विभाग की तरफ से पौधे वितरण किए गए।
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक व एडीडीए के चेयरमैन तापस बनर्जी ने कहा कि वन महोत्सव के दिन सरकार द्वारा लाखो वृक्ष लगाए जाते है। इसके पीछे का सिर्फ एक ही उद्देश्य है अधिक से अधिक पेड़ हर रोज़ लगाना और लोगो में जागरूकता फैलाना कि वह भी अपने आस पास पेड़ लगाए। जहां हर एक पेड़ काटा गया वहां दस पौधे अवश्य लगाने होंगे। हम इस तरह से अपने प्राकृतिक सुंदरता को नष्ट नहीं कर सकते है। मनुष्य जितना वृक्षों की कटाई कर रहा है, उतने वह लगा नहीं रहा है। वन नहीं होंगे तो हमे कई अमूल्य सामग्री प्राप्त नहीं होगी और सबसे अहम बात है वर्षा नहीं होगी। अगर वर्षा नहीं होगी तो जल की समस्या होगी और सूखा पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वनो और पेड़ो की अधिक कटाई के कारण गंभीर हालात उत्पन्न हो रहे है। प्रदूषण भी अपने चरम सीमा पर पहुँच गया है और इससे कई तरह की बीमारियां हो रही है।
पश्चिम बर्दवान जिले के डीएफओ बुद्धदेव मंडल ने कहा कि वन महोत्सव के उस हफ्ते में लाखो पेड़ लगाए जाते है, मगर कुछ ही पेड़ बच पाते है। लोग पेड़ तो लगा लेते है परन्तु उनकी देखभाल नहीं करते है। पेड़ लगाने के संग उनकी देखभाल करना भी ज़रूरी होता है। बिना पानी और देखभाल के पौधे जीवित नहीं रहते है। हमे गंभीरता पूर्वक इस मुहीम के साथ शामिल होकर अपना कर्त्तव्य निभाना चाहिए। वन महोत्सव बेहद आवश्यक है। निरंतर पेड़ो की कटाई और कभी ना खत्म होने वाला प्रदूषण पृथ्वी के तापमान में वृद्धि कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष वन विभाग के तरफ से जिले औसतन 90 से 100 हेक्टेयर जमीन पर पौधे लगाए जाते हैं परंतु इसके बावजूद भी आसनसोल-दुर्गापुर शहर में प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है। विश्व के 100 प्रदूषित शहरों में आसनसोल 58 और दुर्गापुर 61 वें स्थान पर है।
इस अवसर पर बोरों चेयरमैन मोजम्मिल हुसैन शहजादा, पार्षद रूपेश यादव, ज्योति सिंह, अख्तरी खातून, रानीगंज थाना के आईसी सुदीप दासगुप्ता, आमरासोता पुलिस फाड़ी के प्रभारी मानव घोष, रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अरुण भरतिया, कार्यकारी अध्यक्ष रोहित खेतान, जुगल किशोर गुप्ता, उदय संघ के अध्यक्ष डॉ एसके बासु समेत अन्य कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।