रानीगंज में हथियार के साथ गिरफ्तार दो अभियुक्तों को 10 दिनों की पुलिस रिमांड

रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र के ग्लास फैक्ट्री रोड स्थित कराटे स्टेडियम के पास से पुलिस ने अत्याधुनिक आग्नेयास्त्र, दो राउंड ताजा कारतूस और एक विदेशी धारदार हथियार के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। रानीगंज थाने की पीसी पार्टी ने गुरुवार की रात गुप्त सूत्रों से हथियार तस्करी की सूचना मिलने पर छापेमारी की। जहां से दो लोगों को आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया। जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को 14 दिनों के लिए डिमांड पर लेने के लिए अदालत में आवेदन दिया। परंतु अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर 10 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम बिपिन स्वाइन व शिशुपाल सिंह उर्फ पासवान हैं। इनमें से विपिन जामुड़िया थाना के ईस्ट केंदा इलाके में रहता है। परंतु वह मूल रूप जो ओडिशा के गंजम जिले के पाथरपंजी गांव का निवासी है। जबकि शिशुपाल बिहार के पटना जिले के पंजरिका थाना क्षेत्र के रसूला इलाके का रहने वाला है।
गुरुवार की रात रानीगंज थाने की पीसी पार्टी की टीम ने पुलिस इंस्पेक्टर विकास दत्त के नेतृत्व में बिल्कुल फिल्मी अंदाज में गुप्त रूप से छापेमारी कर दोनों लोगों को गिरफ्तार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस अभियान में पीसी पार्टी के एसआई इमदादुल हक और एएसआई राजा सिन्हा भी शामिल थे।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या वे लोकसभा चुनाव से पहले हथियारों की आपूर्ति करने की कोशिश कर रहे थे, या किसी अन्य उद्देश्य से यहां आए थे।