रानीगंज के उद्योगपति के अपहरण के प्रयास के मामले में 3 अभियुक्त फिर पुलिस रिमांड पर

रानीगंज :- रानीगंज के प्रतिष्ठित उद्योगपति शिवकुमार शारदा के पोते रियान शारदा के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तार 3 अभियुक्तों को पुलिस ने फिर से रिमांड पर लिया है। 10 दिनों की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद रानीगंज के कलोबर पट्टी के निवासी सूर्यकांत गोंड, किशन कुमार गोंड और पुरुलिया के निवासी चंदन सिंह को शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। जहां से तीनों की जमानत याचिका खारिज कर 3 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में पुलिस को इन अभियुक्तों से कुछ अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने इन तीनों अभियुक्तों की निशानदेही पर 1 पाइपगन, 2 कारतूस और 2 कॉपी पासपोर्ट साइज फ़ोटो बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने अपहरण कांड के मास्टरमाइंड समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार और झारखंड में कई जगहों पर छापेमारी की है।
सूत्रों कहना है कि रियान अपहरण कांड में अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई हैं। सर्वप्रथम गिरफ्तार किए गए चंदन सिंह और अजय महतो से पूछताछ करने के बाद पुलिस को अहम जानकारियां हाथ लगी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने रानीगंज से अपहरण कांड में और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद जिले से चंदन सिंह और अजय महतो को गिरफ्तार किया था। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर के पिलची इलाके के रहने वाले अजय महतो और पुरूलिया जिले के संथालडीहद के काकीबाजार इलाके के निवासी चंदन सिंह को आसनसोल जिला अदालत में पेश कर 9 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस ने इन दोनों अभियुक्तों के पास से 2 स्कॉर्पियो और 2 मोबाइल बरामद किया था।
गौरतलब है कि गत 12 फरवरी की सुबह रानीगंज शहर के स्कूल मोड़ के पास रहने वाले उद्योगपति शिवकुमार शारदा के पोते रियान शारदा का अपहरण करने का प्रयास किया गया था। दूसरी कक्षा का छात्र रियान शारदा कर में सवार होकर ड्राइवर के साथ आसनसोल के सेंट विंशन स्कूल जा रहा था। इस बीच जामुड़िया के श्रीपुर पुलिस फाड़ी क्षेत्र के पास नेशनल हाईवे 19 पर अपहरणकर्ताओं ने रियान को अगवा करने का प्रयास किया था। लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके थे। उद्योगपति शिवकुमार शारदा ने श्रीपुर पुलिस फाड़ी में मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को भी जांच सौंप गई। आखिरकार सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने अपहरण के प्रयास के वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्कॉर्पियो को चिन्हित किया। अपहरण कांड में अभियुक्तों की गिरफ्तारी में पुलिस के लिए सीसीटीवी फुटेज काफी कारगर साबित हुआ।