
Asansol के बाराबनी में सड़क दुर्घटना में मारे गए BJP नेताओं के शव के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन
आसनसोल :- रविवार की देर रात आसनसोल के बाराबनी इलाके में हुई सड़क दुर्घटना में बीजेपी के बाराबनी मंडल के महासचिव बबलू सिंह और उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। सोमवार को सड़क दुर्घटना में मारे गए दोनों भाजपा नेताओं के शवों को पोस्टमार्टम के बाद भाजपा के नुनी कार्यालय लाया गया। जिससे बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ पड़ी। पार्टी कार्यालय के पास उनके शवों को रखा गया। जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। फिर शवों को बाराबनी के आमडीहा पेट्रोल पंप के सामने घटनास्थल पर लाया गया। ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों ने वहां बबलू सिंह और उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह के शवों के साथ सड़क जाम कर दिया। उन्होंने मांग की कि मृतक परिवार के सदस्यों को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने दोषियों को तत्काल सजा और मृतक के आश्रित को मुआवजा देने की मांग की। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एक घंटे तक जाम लगा रहा। अंत में पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया। सड़क दुर्घटना में दोनों बीजेपी नेताओं की मौत को लेकर उनके परिजनों, ग्रामवासियों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बराबनी थाने के गौरांडी से आसनसोल जाने वाली सड़क के आमडीहा मोड़ इलाके की है। बबलू सिंह और महेंद्र सिंह बाइक पर सवार होकर गौरांडी से आसनसोल जा रहे थे। इस दौरान बाराबनी थाने के आमडीहा चौराहे पर एक पेट्रोल पंप से तेल भरकर निकलते समय एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही बबलू सिंह की मौत हो गयी और महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यंत नाजुक हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस घटना से बाराबनी में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ पड़ी।