
Raju Jha Murder Case की जांच के लिए SIT गठित, शूटरों की तलाश में पुलिस झारखंड रवाना
दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पूर्व बर्दवान जिले के शक्तिगढ़ में कोयला कारोबारी राजू झा की गोली मारकर हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया गया है। पूर्व बर्दवान के पुलिस अधीक्षक कामनाशीष सेन ने एसआईटी का गठन किया है। 12 सदस्यों की एसआईटी का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी (सदर) कल्याण सिंह राय कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार राजू झा के शव का रविवार दोपहर बर्दवान मेडिकल कॉलेज के पुलिस मुर्दाघर में पोस्टमार्टम कराया गया। जिस फॉर्च्यूनर में राजू झा सवार थे उसके चालक नुरुल हुसैन को शक्तिगढ़ पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना वाले दिन यानी शनिवार की रात झालमुरी विक्रेता अबुजिया शेख को पूछताछ के लिए शक्तिगढ़ थाने ले जाया गया। इस बीच रविवार की रात फॉरेंसिक टीम शक्तिगढ़ पहुंची और फॉर्चूनर से नमूने संग्रह किए।
शनिवार की रात साढ़े आठ बजे के करीब शक्तिगढ़ में नेशनल हाईवे-19 स्थित एक लेंगचा दुकान के पास राजू झा पर फायरिंग की गई थी। नीले रंग के चारपहिया वाहन में सवार हमलावरों ने राजू झा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनके साथी ब्रतिन मुखर्जी गोली लगने से घायल हो गए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजू झा जिस फॉर्च्यूनर में सवार था वह गाय तस्करी मामले में आरोपी अब्दुल लतीफ की है। घटना के बाद राजू झा को अनामय अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार राजू झा की हत्या करने वालों की तलाश के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। नीली कार पहले ही लावारिस हालत में बरामद की जा चुकी है।
कोयला व होटल कारोबारी राजू झा की हत्या भाड़े के सुपारी किलरों द्वारा किए जाने का अनुमान है। पूर्व बर्दवान जिला पुलिस की प्रारंभिक जांच में यही बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावर सुपारी किलर थे और ये झारखंड के रहने वाले हो सकते हैं। आशंका जताई जा रही हैं कि राजू झा की हत्या के बाद बदमाश झारखंड भाग गए होंगे। पूर्व बर्दवान जिला पुलिस की एक टीम हत्या में शामिल शूटरों की तलाश में झारखंड के लिए रवाना हो गई है।