भारत विकास परिषद के दवा वितरण कार्यक्रम में पहुंचे विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती

रानीगंज :- भारत विकास परिषद की रानीगंज शाखा के तरफ से सोमवार को जीवनरक्षक दवाएं वितरित की गई। रानीगंज के कुमार बाजार स्थित विवेकानंद सेवा केंद्र परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष और पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती मौजूद थे। उन्होंने अपने हाथों से दवाएं प्रदान की। इस अवसर पर विवेकानंद सेवा केंद्र के स्वामी सोमात्मा नंद जी महाराज, पवन बाजोरिया व संजय बाजोरिया समेत अन्य कई लोग उपस्थित थे।
विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने भारत विकास परिषद और विवेकानंद सेवा केंद्र के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परोपकार और मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। वेदों और उपनिषदों में भी इस बात को कहा गया है। इसलिए हमें अपने धन का कुछ हिस्सा मानव सेवा के लिए दान देना चाहिए। मौजूदा समय में जो लोग आर्थिक रूप से संपन्न है और अपने पैरों पर खड़े हुए हैं उन्हें जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने दोनों संस्थाओं को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर उन्हें काफी प्रशन्नता हुई हैं।
भारत विकास परिषद के शाखा अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया ने कहा कि विवेकानंद सेवा केंद्र में गरीब एवं असहाय मरीजों का निशुल्क इलाज किया जाता है और उन्हें मुफ्त में आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती है। भारत विकास परिषद द्वारा यहां डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है। इनमें जनरल फिजीशियन, डेंटिस्ट और ऑर्थोपेडिक के डॉक्टर शामिल है। डॉक्टर भी यहां मरीजों को निशुल्क सेवा प्रदान करते हैं। प्रत्येक सप्ताह इन डॉक्टरों के पास औसतन 200 मरीज इलाज के लिए आते हैं। पिछले कई वर्षों से यह सेवा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें समाज से काफी कुछ मिलता है। इसलिए हमलोगों का भी दायित्व बनता है कि समाज को कुछ वापस लौटाए।