पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में चक्रवात ‘आकवान’ का खतरा, प्रशासन अलर्ट; मछुआरों के समुद्र में जाने पर लगी रोक
कोलकाता:- बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘आकवान’ की आहट से पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में खतरे की आशंका बढ़ गई है। संभावित आपदा को देखते हुए दक्षिण 24 परगना जिले का प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

गुरुवार सुबह से ही एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। मछुआरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने अगले आदेश तक ट्रॉलर और नाव लेकर गहरे समुद्र में मछली पकड़ने जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साथ ही, जो मछुआरे पहले से समुद्र में मौजूद हैं, उन्हें तत्काल सुरक्षित तट पर लौटने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी नई नाव या ट्रॉलर को समुद्र में जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा सकती है।

पुलिस की माइकिंग से लोगों को किया जा रहा जागरूक: चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए सुंदरबन पुलिस जिले के अंतर्गत नामखाना थाने की पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पुलिसकर्मी सुबह से ही नावों और लॉन्च के जरिए नदी, खाड़ी और दूरदराज के तटीय इलाकों में पहुंच रहे हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से माइकिंग कर मछुआरों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लोगों को समुद्र और खतरनाक जलमार्गों से दूर रहने के साथ-साथ प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी जा रही है। चक्रवात की आशंका से मछुआरा समुदाय और तटीय आबादी के बीच चिंता का माहौल है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। फिलहाल सभी लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और अगले आदेश तक समुद्र में जाने से परहेज करें।







