तृणमूल के पंचायत सदस्य और कार्याध्यक्ष लगातार गैरहाजिर, बाराबनी पंचायत समिति में ठप हो रही नागरिक सेवाएं! प्रशासन के वैकल्पिक इंतजाम पर टिकी निगाहें
आसनसोल: आसनसोल क्षेत्र की तृणमूल कांग्रेस के कब्जे वाली कई पंचायतों और पंचायत समितियों में निर्वाचित सदस्यों एवं कार्याध्यक्षों की लगातार गैरहाजिरी के कारण विभिन्न नागरिक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसको लेकर सत्तारूढ़ दल के नेता और कार्यकर्ता भी पहले ही सवाल उठा चुके हैं।

इसी बीच, मंगलवार को आसनसोल के बाराबनी पंचायत समिति में अनुपस्थित तृणमूल कांग्रेस के पंचायत समिति सदस्यों को नोटिस जारी कर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया था। लेकिन इसके बावजूद मंगलवार को भी तृणमूल कांग्रेस का कोई पंचायत समिति सदस्य या कार्याध्यक्ष उपस्थित नहीं हुआ। स्वाभाविक रूप से पंचायत समिति के शेष सात सदस्यों की गैरहाजिरी ने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

गौरतलब है कि बाराबनी पंचायत समिति की कुल 23 सीटों में से पहले ही 16 पंचायत समिति सदस्य इस्तीफा दे चुके हैं। अब केवल सात सदस्य शेष हैं। प्रशासन की ओर से इन सात सदस्यों को भी नोटिस जारी कर पंचायत समिति में उपस्थित रहने को कहा गया था, लेकिन कोई भी सदस्य नहीं पहुंचा।

दूसरी ओर, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय आम लोगों का कहना है कि पंचायत समिति में सदस्य, कार्याध्यक्ष, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के मौजूद नहीं रहने से विकास कार्यों के साथ-साथ आम नागरिकों को मिलने वाली विभिन्न सरकारी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द कोई वैकल्पिक व्यवस्था करे, ताकि नागरिक सेवाएं सुचारु रूप से जारी रह सकें।
अब सातों तृणमूल सदस्यों के अनुपस्थित रहने के बाद ब्लॉक प्रशासन और जिला प्रशासन नागरिक सेवाओं को सामान्य बनाए रखने के लिए क्या वैकल्पिक कदम उठाते हैं, इस पर सत्तारूढ़ दल से लेकर आम लोगों तक की निगाहें टिकी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले बाराबनी ब्लॉक की पांचगछिया ग्राम पंचायत में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी। वहां भी तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य लगातार अनुपस्थित रह रहे थे, जिसके कारण पंचायत की विभिन्न सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। प्रशासन की ओर से पंचायत सदस्यों को आधिकारिक नोटिस जारी कर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था, लेकिन कोई भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। वहीं, इससे पहले पंचायत प्रधान भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके थे।
ऐसे में तृणमूल कांग्रेस के कब्जे वाली पंचायतों और पंचायत समितियों में निर्वाचित सदस्यों एवं कार्याध्यक्षों की लगातार गैरहाजिरी के कारण स्थानीय नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं मिलने पर सवाल खड़े होने लगे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस स्थिति से निपटने के लिए क्या कदम उठाता है







