ब्रिगेड मैदान में 5 लाख कंठो से सामुहिक गीता पाठ में पहुंचे राज्यपाल समेत कई हस्तियां
कोलकाता :- मुर्शिदाबाद के बेल डांगा में विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद का शिलान्यास किये जाने के ठीक एक दिन बाद कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में 5 लाख कंठो से गीता पाठ का भव्य आयोजन किया गया। राज्य के संवैधानिक प्रमुख, राज्यपाल सीवी आनंद बोस, रविवार दोपहर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सनातन संस्कृति संसद द्वारा आयोजित 5 लाख कंठो से सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम में शामिल हुए। उनका आना ही नहीं, बल्कि मंच पर चढ़कर माइक्रोफोन के सामने संस्कृत उच्चारण में गीता पाठ करना इस कार्यक्रम का सबसे चौंकाने वाला और मुख्य आकर्षण रहा। यह आयोजन 2026 के चुनावों से पहले हिंदुत्व के एजेंडे को धार देने के उद्देश्य से संघ समर्थक संगठन सनातन संस्कृति संसद द्वारा किया गया था। इस कार्यक्रम में 5 लाख कंठों से गीता पाठ कराने का लक्ष्य रखा गया था।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक बेलडांगा रामकृष्ण मिशन के प्रमुख महाराज प्रदीप्तानंद (यानी कार्तिक महाराज) थे, और महामंडल के सदस्य ज्ञाननंदजी महाराज ने अध्यक्षता की। आरती के बाद वेद और गीता पाठ शुरू हुआ, जो दोपहर तक चला। इसके बाद मंच पर उपस्थित आयोजकों और गणमान्य सदस्यों ने संबोधित किया। राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भी मंच से अपना संबोधन दिया। राज्यपाल के साथ ही पूरी मठ के शंकराचार्य जगतगुरु निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज, बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, साध्वी ऋतंभरा समेत कई हस्तियां इस कार्यक्रम में शामिल हुईं, लेकिन पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता प्रमुखता से मौजूद रहे। श्यामिक भट्टाचार्य, सुकांत मजूमदार और दिलीप घोष लंबे समय बाद एक साथ मंच पर दिखाई दिए। वहीं, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी अपनी कुर्सी छोड़कर जमीन पर बैठकर गीता पाठ सुनते दिखे।






