AI से बनाया फर्जी पुलिस ID कार्ड, पुलिस पर धौंस दिखाने के चक्कर युवक गिरफ्तार
कोलकाता :- खुद को पुलिस बताकर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर रौब जमाने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। आरोपी ने AI से बनाया हुआ फर्जी पुलिस पहचान पत्र दिखाया, लेकिन शक होने पर जांच में पोल खुल गई और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घटना दमदम के बेलघरिया एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात निमता ट्रैफिक गार्ड के पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे। तभी एक युवक वहां पहुंचा और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए घर जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करने की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर वह पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने लगा और धमकी भरे लहजे में बात करने लगा।
उसके बात करने के तरीके से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को शक हुआ। उन्होंने उससे उसका पहचान पत्र दिखाने को कहा। आईडी कार्ड को स्कैन करते ही चौंकाने वाला खुलासा हुआ, वह पूरी तरह फर्जी निकला। पूछताछ में आरोपी ने खुद कबूल किया कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से यह फर्जी आईडी कार्ड तैयार किया था।
इसके बाद दमदम थाने की पुलिस को सूचना दी गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान 24 वर्षीय नूर इस्लाम के रूप में हुई है। उसे आज शनिवार को बैरकपुर अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक पुलिस की पहचान लेकर क्यों घूम रहा था। क्या इसके पीछे वसूली या किसी अन्य अपराध की मंशा थी? क्या इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है? इन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।






