Asansol में दुर्गा पूजा के बाद छठ की तैयारियां शुरू , विधायक ने घाटों का किया निरीक्षण
आसनसोल :- दुर्गा पूजा के समापन के साथ ही शिल्पांचल में आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आसनसोल नगर निगम ने घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।

इसी क्रम में शुक्रवार को आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने नगर निगम की टीम, इंजीनियरों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भुरभुरिया नदी स्थित तपसी बाबा छठ घाट का दौरा किया। उन्होंने घाट की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि छठ पूजा भी दुर्गा पूजा की तरह ही बड़े उत्साह से मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि हर साल नदी पार करने के लिए 8 अस्थायी पुल बनाए जाते हैं, लेकिन इस बार स्थानीय लोगों की मांग पर 15 से 16 पुल बनाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

विधायक ने कहा कि हाल ही में दुर्गा पूजा खत्म हुई है और आज से ही हम इस काम में लग गए हैं। लाइट की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी, मिट्टी काटने और सफाई का काम शुरू हो गया है। कॉरपोरेशन के सभी इंजीनियर और कार्यकर्ता मैदान में हैं। निश्चिंत रहिए, जैसे दुर्गा पूजा और काली पूजा होती है, वैसे ही छठ पूजा भी हमारे शिल्पांचल में धूमधाम से होगी। नगर निगम ने आश्वस्त किया है कि सभी प्रमुख छठ घाटों पर रोशनी, सुरक्षा और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।






