रानीगंज में तेल टैंकर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, मुआवजे के लिए फाड़ी पहुंचे परिजन
रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र के रानीसायर मोड़ पर तेज रफ्तार तेल टैंकर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान परेश बाउरी के रूप में हुई है, जो जामुड़िया के विजयनगर धासना गांव के निवासी थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग पर बाउरी समाज के प्रतिनिधियों ने पंजाबी मोड़ पुलिस फाड़ी में पहुँचकर प्रदर्शन किया।

परिवार के मुताबिक, शुक्रवार को परेश बाउरी अपने दामाद से मिलने दुर्गापुर जा रहे थे। रानीसायर मोड़ के सर्विस रोड पर एक बेकाबू तेल टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर करने को कहा। परिजन दूसरी गाड़ी का इंतजाम कर ही रहे थे कि डॉक्टरों ने उनकी मौत की खबर सुना दी। मृतक के बेटे परिमल पाल ने बताया कि उनके पिता परिवार के एकमात्र सहारा थे।
उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। वे खुद बीमार होकर अस्पताल में भर्ती थे। ऐसे में पिता की अचानक मौत से परिवार पर संकट आ गया है, खर्च कैसे चलेगा समझ नहीं आ रहा।हादसे के बाद टैंकर और चालक को पकड़ लिया गया है। शनिवार को परिमल पाल बाउरी समाज के प्रतिनिधियों के साथ पंजाबी मोड़ पुलिस फाड़ी पहुंचे और टैंकर मालिक से उचित मुआवजे की मांग की। बाउरी समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस से गरीब परिवार को न्याय और आर्थिक मदद दिलाने की अपील की है।







