आसनसोल: कल्ला मोड़ पर पशुओं से लदा संदिग्ध वाहन जब्त, पुलिस को देखते ही मौके से भागे लोग
आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कल्ला मोड़ के पास पशुओं के संदिग्ध परिवहन का मामला सामने आया है। यहां बिहार नंबर के एक वाहन में बड़ी संख्या में गाय और बैल लदे हुए पाए गए।

वाहन को तिरपाल से ढककर पशुओं को ले जाया जा रहा था। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इन पशुओं को कोलकाता ले जाने की तैयारी थी। मौके पर मौजूद लोगों से जब वाहन के मालिकाना हक और पशुओं के परिवहन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई, तो उन्होंने वाहन अपना होने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, पशुओं के परिवहन को लेकर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इसी बीच पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पशुओं से लदे वाहन को टोचन कर थाने पहुंचाया और मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, पशुओं को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां ले जाने की योजना थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में अवैध गौ परिवहन और गौ तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मई 2026 में पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में भी उन्होंने अवैध पशु परिवहन पर कार्रवाई करने और सीमा क्षेत्रों में गौ तस्करी रोकने पर जोर दिया था। इसके बावजूद आसनसोल और बराकर चेकपोस्ट के आसपास बिहार और झारखंड से पशुओं के संदिग्ध परिवहन की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में कल्ला मोड़ पर पकड़ा गया यह वाहन पुलिस की निगरानी और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े करता है। क्या पशुओं को वैध दस्तावेजों के साथ ले जाया जा रहा था या फिर इसके पीछे कोई अवैध नेटवर्क सक्रिय है?







