48 घंटे की तलाश के बाद डकैत और साइबर ठगी का आरोपी प्रताप दास गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
आसनसोल: आसनसोल में डकैती और साइबर ठगी के आरोपी प्रताप दास को आखिरकार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पिछले 48 घंटों से लगातार तलाश अभियान चला रही थी।

दरअसल, बुधवार को जब पुलिस की टीम प्रताप दास को पकड़ने पहुंची थी, तब उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी हीरापुर थाना क्षेत्र के इस्माइल इलाके में एक मकान के अंदर हथियार के साथ छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई और हथियारों से लैस पुलिस टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

करीब पांच घंटे तक चले इस विशेष तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस के मुताबिक प्रताप दास ने सरेंडर करने के बजाय एक बार फिर पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घनी आबादी वाले इस्माइल इलाके में हथियार के साथ छिपे आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, क्योंकि किसी भी तरह की लापरवाही से आम लोगों की जान को खतरा हो सकता था। ऐसे में पुलिस ने पूरी सतर्कता के साथ करीब पांच घंटे तक अभियान चलाया और आखिरकार आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद डकैती तथा साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों में भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।







