अन्नपूर्णा योजना की राशि से दुर्गा मंदिर को 1 लाख का दान, महिलाओं के प्रयास की मंत्री ने की सराहना
रानीगंज :- आसनसोल दक्षिण विधानसभा के अंतर्गत रानीगंज के कांकरडांगा में सार्वजनिक दुर्गा मंदिर के उद्घाटन और प्रसाद वितरण कार्यक्रम के दौरान एक अनोखी पहल देखने को मिली। मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए इलाके की महिलाएं आगे आईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य की शहरी विकास व नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल मौजूद रही। स्थानीय महिलाओं ने राज्य सरकार से अन्नपूर्णा योजना के तहत मिलने वाली राशि से दुर्गा मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक मदद करने का फैसला किया। प्रत्येक महिला ने अपनी राशि से 3-3 हजार रुपये मंदिर के लिए दान किए। इस सामूहिक पहल से कुल 1 लाख रुपये एकत्र कर मंत्री अग्निमित्रा पाल के हाथों मंदिर कमेटी को सौंपा गया। महिलाओं की इस पहल ने सभी का ध्यान खींचा है। अपनी हक की राशि से धार्मिक और सामाजिक कार्य में सहयोग का यह उदाहरण सामाजिक एकता और धार्मिक भावना की मिसाल बना है। महिलाओं का कहना है कि राज्य सरकार उन्हें अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने 3 हजार रुपये की राशि दे रही है। यह राशि कांकरडांगा सार्वजनिक दुर्गा मंदिर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस मौके पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि हमारी माताएं-बहनें अन्नपूर्णा योजना का पैसा अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि माँ दुर्गा के मंदिर के लिए दे रही हैं, यह उनकी आस्था और त्याग का प्रतीक है। मैं उनके इस प्रयास को सलाम करती हूँ। यह नारी शक्ति का सबसे बड़ा उदाहरण है।







