Follow

Subscribe to notifications

Sponsored

latest posts

Recent Posts

Uncategorized

एक रुपये में हेडफोन खरीदने की मची होड़, भारी भीड़ के कारण खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स को बंद करनी पड़ी दुकान

पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल से एक रुपये में हेडफोन मिलने के ऑफर को लेकर ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी।

दरअसल, कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फांड़ी अंतर्गत नियामतपुर चित्तरंजन रोड स्थित प्रिया मोड़ के पास खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स की ओर से रविवार को महज एक रुपये में हेडफोन देने का ऑफर शुरू किया गया था। इस ऑफर की जानकारी मिलते ही सुबह से ही दुकान के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते लोगों की लंबी कतार लग गई। दुकान खुलने के बाद जैसे ही ग्राहकों को एक-एक करके एक रुपये में हेडफोन मिलना शुरू हुआ, ऑफर का लाभ उठाने के लिए लोगों के बीच होड़ मच गई। भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति को संभालना दुकान प्रबंधन के लिए मुश्किल हो गया। आखिरकार हालात को देखते हुए दुकान को बंद करना पड़ा।

वहीं, दुकान के बाहर उमड़ी भारी भीड़ का असर सड़क यातायात पर भी देखने को मिला। सड़क पर लोगों की भीड़ और किनारे बेतरतीब तरीके से खड़ी की गई बाइकों के कारण नियामतपुर चित्तरंजन रोड पर भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलने पर नियामतपुर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने में जुट गई। इस दौरान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले ग्राहकों के खिलाफ जुर्माना भी लगाया गया। ट्रैफिक पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस ऑफर के आयोजन को लेकर पहले से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। हालांकि, इस पूरे मामले पर खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स या दुकान प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सवाल यह भी है कि ऐसे प्रचारात्मक ऑफर के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

Leave a Response