चोरबगान दुर्गापूजा पंडाल भगदड़ में मृत कल्पना जाना के परिवार से मिले CM शुभेंदु अधिकारी
पूर्वी मेदिनीपुर :- चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ में जान गंवाने वाली कल्पना जाना के परिवार से मिलने रविवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पूर्व मेदिनीपुर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात कर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की और मुआवजा राशि का चेक सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के 17 लोगों की इस हादसे में मौत हुई थी, आज मैंने सभी 17 परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात पूरी कर ली है। बाकी दो मामले मुजफ्फरपुर के हैं, वहां मुआवजा राशि के साथ राज्य सरकार के राज्य मंत्री उमेश राय को भेज रहा हूं।

गौरतलब है कि यह दर्दनाक भगदड़ 17 अक्टूबर की शाम महासप्तमी के दिन उत्तर कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई थी। बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने, संकरी निकास गली में दम घुटने, भीड़ प्रबंधन की भारी कमी और आयोजकों द्वारा पंडाल गिरने की अफवाह भरी घोषणा से भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई थी जिनमें 13 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल थे, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 25-25 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया था, वहीं प्रधानमंत्री की ओर से 2-2 लाख रुपये की सहायता घोषित की गई थी। घटना की जांच के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर 6 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है जिसकी अगुवाई सेवानिवृत्त न्यायाधीश अनिंदिता रॉय सरस्वती कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने भी अलग से एसआईटी जांच का आदेश दिया था। पुलिस ने अब तक 14 लोगों को हिरासत में लिया था जिनमें से कम से कम 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में पूजा कमेटी के आयोजक, वालंटियर और निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मी शामिल हैं। हाल ही में पुलिस ने पंडाल गिरने की झूठी घोषणा करने वाले कोषाध्यक्ष संजीब राहा उर्फ सेंटू और उसके साथी कुशल मजूमदार उर्फ बाबू को भी गिरफ्तार किया है।
इस घटना के बाद से ही मुख्यमंत्री लगातार भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के घरों पर जाकर उनके परिजनों से भावुक मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें मुआवजा राशि का चेक प्रदान कर रहे हैं।







