Kulti में अवैध कब्जे पर बुलडोजर एक्शन, पूर्व पार्षद रोहित व संजय नोनिया के कार्यालय और पेट्रोल पंप को किया ध्वस्त
कुल्टी :- आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के धेमोमेन कोलियरी इलाके में रविवार को ईसीएल की जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ा बुलडोजर एक्शन हुआ। जीटी रोड किनारे बने पूर्व तृणमूल पार्षद के ट्रांसपोर्ट कार्यालय और पेट्रोल पंप को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बताया जाता है कि धेमोमेन क्षेत्र में पूर्व पार्षद रोहित नोनिया और उनके बेटे संजय नोनिया का वर्षों से दबदबा रहा है। वाम मोर्चा सरकार के समय रोहित नोनिया पार्षद थे, वहीं 2011 में तृणमूल की सरकार बनने के बाद संजय नोनिया तृणमूल के टिकट पर आसनसोल नगर निगम के 58 नंबर वार्ड से पार्षद चुने गए। पिछले 15 साल से अधिक समय तक इस इलाके में उनका वर्चस्व रहा। इस बार विधानसभा में सत्ता परिवर्तन के बाद संजय नोनिया ने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया था। ईसीएल का दावा है कि जिस जमीन पर कार्यालय, पेट्रोल पंप और उनका आवास बना है, वह पूरी तरह ईसीएल की जमीन है, जिस पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। हालांकि इस जमीन पर रोहित और संजय नोनिया अपना दावा करते रहे हैं। फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
वहीं भाजपा नेता केशव पोद्दार ने इस कार्रवाई को रूटीन प्रक्रिया बताते हुए कहा कि ईसीएल पहले भी अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद कानून का राज स्थापित हुआ है और पुलिस-प्रशासन को कार्रवाई की आजादी मिली है, जबकि पहले शिल्पांचल में सरकारी जमीनों पर खुलेआम कब्जा होता था।

ईसीएल के सर्वेयर अजय चक्रवर्ती ने कहा कि कोर्ट से आर्डर नहीं मिलने की वजह से मामला लंबीत था। अब कोर्ट से ऑर्डर मिलने के बाद ईसीएल की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई है। ईसीएल की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को तोड़ने का आर्डर मिला है। अवैध कब्जे को मापी कर पहले ही मार्किंग कर दी गई थी। यह पूरी कार्यवाही कोर्ट के आदेश से और तक प्रक्रिया का पालन करते हुए की जा रही है।
वहीं दूसरी तरफ ईसीएल के तरफ से अवैध निर्माण तोड़े जाने को लेकर उस वक्त उत्तेजना पूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब कुछ स्थानीय महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं ने इस कार्यवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कड़ा विरोध जताया।







