Follow

Subscribe to notifications

Sponsored

latest posts

Recent Posts

Uncategorized

जामुड़िया के बाद अब सहायक जोड़ पर अतिक्रमण का आरोप, दूषित छाई डालने के खिलाफ नदी बचाओ कमेटी का प्रदर्शन

रानीगंज: पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया के बाद अब रानीगंज क्षेत्र में भी नदी और जोड़ की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप सामने आया है। रानीगंज थाना क्षेत्र के आमरासोता में राष्ट्रीय राजमार्ग-14 के किनारे स्थित सिंघारन नदी की सहायक जोड़ में कारखाने की दूषित छाई डालने और जोड़ की प्राकृतिक जलधारा का रुख बदलने के आरोप को लेकर शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया। इसके विरोध में नदी बचाओ कमेटी के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

आंदोलनकारियों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से जोड़ की जलधारा के किनारे जमीन मालिकों द्वारा कारखाने की दूषित छाई डाली जा रही है। इससे पर्यावरण पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ने की आशंका है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान दूषित छाई पानी के साथ बहकर सिंघारन नदी और उससे जुड़ी अन्य जलधाराओं तक पहुंच सकती है, जिससे जल प्रदूषण का खतरा बढ़ सकता है।

इसके अलावा आंदोलनकारियों ने आशंका जताई कि जोड़ की प्राकृतिक जलधारा को संकरा करने से भारी बारिश के दौरान पानी का दबाव बढ़ सकता है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-14 को नुकसान पहुंचने के साथ यातायात भी प्रभावित हो सकता है। इतना ही नहीं, बारिश का पानी आसपास के स्थानीय इलाकों और कारखानों में भरने की आशंका भी है। इसका असर नजदीक स्थित ईसीएल की बंद खदान तथा चालू खदान पर भी पड़ सकता है।

मामले को लेकर स्थानीय लोगों एवं नदी बचाओ कमेटी के सदस्यों ने अपनी आपत्तियां लिखित रूप से पुलिस प्रशासन और रानीगंज ब्लॉक के अधिकारियों के समक्ष रखी हैं। इसके बावजूद आरोप है कि जमीन मालिक द्वारा जोड़ के किनारे दूषित छाई डालने का काम लगातार जारी रखा गया।

शुक्रवार को इसी मुद्दे को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, विरोध के बाद फिलहाल जमीन मालिक द्वारा अपनी गलती स्वीकार करते हुए डाली गई दूषित छाई को हटाने का काम शुरू किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों एवं नदी बचाओ कमेटी के सदस्यों की निगाहें अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। उनका कहना है कि जोड़ की प्राकृतिक जलधारा को सुरक्षित रखने और भविष्य में पर्यावरणीय संकट रोकने के लिए प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

Leave a Response