Follow

Subscribe to notifications

Sponsored

latest posts

Recent Posts

दुर्घटना

Asansol में बिजली के खंभे से टकराकर तालाब में गिरी तेज रफ्तार कार, 5 युवक घायल

कुल्टी :- कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फांड़ी अंतर्गत मेलियाकोला मार्ग पर रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे रेलवे के विद्युत खंभे से टकराने के बाद पास के तालाब में जा गिरा। इस हादसे में कार में सवार पांच युवक घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार मेलियाकोला मार्ग से नेशनल हाईवे की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का खंभा टेढ़ा हो गया। इसके बाद कार असंतुलित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में पलट गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार में सवार सभी पांचों युवक नशे की हालत में थे। घायलों में एक की पहचान लच्छीपुर खटाल निवासी प्रेम साव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दो स्थानीय युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए तालाब में कूदकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।

सूचना मिलते ही नियामतपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार और नशे की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Leave a Response