बंगाल की खाड़ी में फिर बढ़ा निम्न दबाव का खतरा, 5 नवंबर तक बनी रहेगी बारिश की संभावना
कोलकाता :- बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अंडमान सागर के चक्रवाती घुमाव से बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव बना है, जो दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर क्षेत्र में स्थित है।

भारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए और अधिक शक्तिशाली होकर गहरे निम्न दबाव में बदल सकता है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इसका रुख आंध्र प्रदेश तट की ओर रहेगा। इस सिस्टम के असर से शुक्रवार को जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 5 नवंबर तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है। इधर शिल्पांचल आसनसोल-दुर्गापुर में भी गुरुवार से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शुक्रवार दोपहर बाद से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे में उत्तर बंगाल में दिन का तापमान 3 से 4 डिग्री घटेगा, जबकि दक्षिण बंगाल में अगले 48 घंटों में 2 से 3 डिग्री बढ़ने की संभावना है। हालांकि शुक्रवार के लिए पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मछुआरों के लिए कोई चेतावनी नहीं है।







