आसनसोल में फ्लिपकार्ट हब में शटर तोड़कर बड़ी चोरी, 2 लाख कैश समेत DVR ले गए चोर
आसनसोल :- आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के धधका शीतला मोड़ इलाके में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बाईपास स्थित जिला भाजपा कार्यालय के ठीक सामने फ्लिपकार्ट ऑनलाइन हब के कार्यालय का शटर तोड़कर चोर लाखों का माल ले उड़े।

घटना में करीब 2 लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। चोरों ने कार्यालय में रखी अलमारी और लॉकर तोड़कर नकदी पर हाथ साफ किया और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क और DVR भी साथ ले गए। फ्लिपकार्ट हब के एचआर रूपेश कुमार रावत ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सीनियर टीम लीडर ने फोन कर सूचना दी कि शटर चढ़ा हुआ है। वे करीब 6 बजे मौके पर पहुंचे तो शटर खुला मिला। तत्काल उत्तर थाना पुलिस को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि लॉकर खुला था और उसमें रखा कैश गायब है। मोबाइल फोन और अन्य शिपमेंट का कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्यालय के पास वाली गली से गेती और सबल जैसे औजार जब्त किए हैं। आशंका है कि चोरी में इन्हीं औजारों का इस्तेमाल किया गया है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दिनदहाड़े मुख्य सड़क पर हुई इस वारदात से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।







