चक्रवात अर्णव कमजोर होकर बना निम्न दबाव, पश्चिम बर्दवान में बारिश से जनजीवन प्रभावित
आसनसोल :- आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद चक्रवाती तूफान अर्णव की ताकत लगातार कम हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को गहरे निम्न दबाव में बदलने के बाद गुरुवार सुबह यह और कमजोर होकर सामान्य निम्न दबाव में तब्दील हो गया है। फिलहाल यह दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना हुआ है। यह जगदलपुर से 20 किलोमीटर पश्चिम और रायपुर से 250 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है और 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार शाम तक इसके और कमजोर होने की संभावना है।

हालांकि इसका सीधा असर बंगाल पर नहीं है, फिर भी इसके प्रभाव से पश्चिम बर्दवान जिले में भी मौसम बिगड़ा हुआ है। गुरुवार सुबह से ही आसनसोल, दुर्गापुर समेत पूरे शिल्पांचल में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कभी हल्की तो कभी तेज मूसलाधार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों पर जलजमाव और लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
31 अक्टूबर से मौसम में सुधार शुरू होगा और बारिश धीरे-धीरे कम होगी।शनिवार 1 नवंबर से आसमान साफ होने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। तो पश्चिम बर्दवान समेत शिल्पांचल वासियों को शनिवार से राहत मिलने की उम्मीद है, तब तक हल्की-भारी बारिश के लिए तैयार रहें।
मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार दिन भर कोलकाता का आसमान बादलों से घिरा रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश होगी। हावड़ा, हुगली, दोनों 24 परगना, पूर्व बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया में गरज के साथ बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। वहीं दोनों मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल और ओडिशा तट पर समुद्र अशांत बना हुआ है। दूसरी ओर दक्षिण अंडमान सागर में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो अगले 24 घंटों में और मजबूत हो सकता है।







