Digha में 20 किलो गांजा के साथ हावड़ा के 2 युवक गिरफ्तार, ओडिशा से लेकर आ रहे थे गांजा
दीघा :- दीघा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में हावड़ा के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा राजभर और शेख रज्जाक के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर हावड़ा ले जाने की फिराक में थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे दीघा के युवा आवास मोड़ पर दो युवक दो ट्रॉली बैग लेकर बस में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। तभी बस कर्मियों को उन पर संदेह हुआ। जब कर्मचारियों ने बैग खोलकर जांच की बात कही तो दोनों वहां से भागने लगे। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया और दीघा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दीघा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लिया। ट्रॉलियों की तलाशी में संदिग्ध सामग्री मिलने पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विधिवत जांच की गई, जिसमें करीब 20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मामले में डीएसपी डीएनटी डॉ मोहित मोल्ला ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजा करीब 20 किलोग्राम है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा से लाई गई थी और हावड़ा ले जाई जा रही थी। इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।







