रानीगंज डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में बाल दिवस का भव्य समारोह
पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रानीगंज डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में 13 एवं 14 नवंबर, 2026 को दो दिवसीय बाल दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंदिरा दे जी द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। इस विशेष अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों के मनोरंजन के लिए कविता-पाठ, समूह नृत्य एवं समूह संगीत जैसी मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। वहीं, विद्यार्थियों ने भी कविता-पाठ, नृत्य, संगीत तथा विभिन्न वाद्ययंत्रों के वादन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। समारोह के प्रथम दिन, 13 नवंबर को ‘टैलेंट शो’ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी छिपी हुई प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन, 14 नवंबर को ‘फैशन शो’ का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न परिधानों, आकर्षक वेशभूषाओं एवं अनूठी शैलियों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। दोनों ही दिनों विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया और भरपूर आनंद उठाया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास को अभिव्यक्त करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती मंदिरा दे जी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन एवं बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह पर प्रकाश डालते हुए कहा है कि बच्चे देश के उज्जवल भविष्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने, जिज्ञासु बनने, अनुशासन अपनाने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। निस्संदेह, बाल दिवस का यह दो दिवसीय समारोह बच्चों के लिए मनोरंजक, आनंददायक एवं प्रेरणादायक रहा। शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।







