Follow

Subscribe to notifications

Sponsored

latest posts

Recent Posts

Uncategorized

प्राइम टाइम में बंगाली फिल्म अनिवार्य, सिनेमा हॉल मालिकों को मुख्यमंत्री का कड़ा संदेश

कोलकाता: बंगाली फिल्मों के लिए प्राइम टाइम शो सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। नवान्न (राज्य सचिवालय) में फिल्म जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य के प्रत्येक सिनेमा हॉल में प्राइम टाइम के दौरान कम से कम एक बंगाली फिल्म का प्रदर्शन अनिवार्य करना होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि अन्य भाषाओं की फिल्मों के प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं है, लेकिन बंगाली फिल्मों के लिए निर्धारित प्राइम टाइम शो सुनिश्चित करना ही होगा।

हाल ही में फिल्म ‘साधक बामाखेपा’ के शो कम किए जाने और बाद में सिनेमाघरों से हटाए जाने को लेकर उठे विवाद पर बैठक में मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। सूत्रों के अनुसार, हॉल मालिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में क्या हुआ वे नहीं जानते, लेकिन वर्तमान सरकार के समय ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। किसके निर्देश पर फिल्म का प्रदर्शन रोका गया, यह पूछते हुए उन्होंने अविलंब फिल्म के शो पुनः शुरू करने का निर्देश भी दिया।

बैठक से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, बंगाली सिनेमा के हित में प्राइम टाइम नीति को अब प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया है। फिल्म जगत के एक वर्ग का मानना है कि पहले इस विषय पर नीतिगत निर्णय होने के बावजूद इसका उचित क्रियान्वयन नहीं हो पाया था, जिसे अब सरकार सक्रिय रूप से दूर करने की पहल कर रही है।

बैठक के बाद अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता ने कहा कि चर्चा अत्यंत सकारात्मक रही और उन्हें उम्मीद है कि इससे बंगाली सिनेमा को अच्छे परिणाम मिलेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य केंद्र बंगाली फिल्मों के लिए प्राइम टाइम शो सुनिश्चित करना और इस निर्णय को सख्ती से लागू करना था। उन्होंने कहा, “पहले भी प्राइम टाइम को लेकर निर्णय लिया गया था, लेकिन इस बार इसे अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया है।”

अगले सप्ताह अपनी नई फिल्म ‘नजरबंदी’ की रिलीज का उल्लेख करते हुए ऋतुपर्णा ने कहा कि यह निर्णय बंगाली फिल्मों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और मुख्यमंत्री ने प्राइम टाइम में बंगाली फिल्मों के प्रदर्शन का स्पष्ट आश्वासन दिया है।

फिल्म जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय से मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में बंगाली फिल्मों के शो कम होने की शिकायतें मिल रही थीं। यदि सरकार की यह पहल प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो बंगाली फिल्मों को अधिक दर्शक मिलेंगे और राज्य के फिल्म उद्योग को भी नई गति प्राप्त होगी।

Leave a Response