Durgapur में पूजा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि, ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान
दुर्गापुर : पूजा के मौसम में औद्योगिक क्षेत्र दुर्गापुर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और इनमें हो रही मौतों को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। तेज रफ्तार, वाहन चलाने में लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट एक बार फिर सड़क पर उतरा।

मंगलवार को दुर्गापुर के गांधी मोड़ से सिटी सेंटर तक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने पदयात्रा के माध्यम से राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का संदेश दिया। इसके साथ ही पानागढ़ बाजार इलाके में भी पदयात्रा निकालकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
दुर्गापुर के गांधी मोड़ से शुरू हुई पदयात्रा का नेतृत्व आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी ट्रैफिक (3) राजकुमार मालाकार ने किया। इस दौरान दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी अधिकारी चिन्मय मंडल और सब ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी अधिकारी अनंत राय समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई कि पूजा के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और जल्दबाजी में वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने का भी संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक और राहगीर की भी जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम किया जा सकता है। पूजा का त्योहार सभी के लिए सुरक्षित और आनंदमय रहे, इसी उद्देश्य से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।







