Follow

Subscribe to notifications

Sponsored

latest posts

Recent Posts

Uncategorized

चक्रवात अर्नब का लैंडफॉल शुरू, दीघा और ताजपुर में बारिश के साथ समुद्र से उठ रही ऊंची लहरें

कोलकाता :- चक्रवात अर्नब की लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसका सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में देखा जा रहा है, जहां तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। हालांकि पूर्वानुमान के बावजूद पश्चिम बंगाल में अभी तक इसका बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक दक्षिण बंगाल में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना कम है। चक्रवात के चलते कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ा असर पड़ा है। इंडिगो की कोलकाता आने वाली तीन फ्लाइट और यहां से उड़ान भरने वाली दो फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं।

अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश (7 से 11 सेंटीमीटर) का अनुमान है। बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। गुरुवार को भी दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी है। शुक्रवार से मौसम में सुधार की उम्मीद है, हालांकि दो बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में येलो अलर्ट जारी रहेगा।

मंगलवार दोपहर के बाद पूर्व मेदिनीपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। बुधवार सुबह से कांथी और रामनगर में तेज हवाएं चल रही हैं और बंगाल की खाड़ी में सामान्य से अधिक ऊंची लहरें उठ रही हैं। ताजपुर और शंकरपुर तट पर प्रशासन लगातार माइकिंग कर रहा है और समुद्र में नहाने पर रोक लगा दी गई है। उत्तर बंगाल में बुधवार को बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की भी चेतावनी दी गई है।

Leave a Response