रानीगंज थाने के तरफ से विजया मिलन समारोह, विधायकों ने की पुलिस की सराहना
रानीगंज :- रानीगंज थाना की ओर से गुरुवार को एनएसबी रोड स्थित स्पोर्ट्स असेंबली के सभागार में विजया मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रानीगंज विधायक पार्थ घोष और जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी उपस्थित रहे। इसके अलावा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी सेंट्रल विमान कुमार मिर्धा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सभापति सिंह, मनोज ओझा, रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, चेयरमैन रोहित खेतान, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभि कुमार मंडल, विट्ठलनाथ मालिया, अनुराधा मालिया सराफ, पंजाबी मोड़ फाड़ी प्रभारी नजमुल होदा, निमचा फाड़ी प्रभारी नसरीन सुल्ताना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रानीगंज थाना के आईसी पार्थ घोष ने किया।

विधायक पार्थ घोष ने पुलिस प्रशासन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बार पूरे जिले में, विशेषकर रानीगंज में दुर्गा पूजा, ऐतिहासिक महावीर अखाड़ा और सोलह आना दुर्गा पूजा की भव्य शोभायात्रा बिना किसी अप्रिय घटना और अशांति के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इसके लिए पुलिस बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि अब काली पूजा, दीपावली और छठ जैसे त्योहार आने वाले हैं। रानीगंज सोने का शहर है, यहां उत्सव भी जबरदस्त होगा। सरकार, प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से शहर को और सुंदर बनाया जाएगा।
जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि रानीगंज, जामुड़िया से लेकर पूरे आसनसोल में दुर्गा पूजा बिना किसी गड़बड़ी के आनंदपूर्वक बीती है। पुलिस ने दिन-रात कष्ट सहकर यह व्यवस्था संभाली है और आज उसी थकान के बावजूद विजया सम्मिलनी में शामिल होकर कार्यक्रम को आनंदमय बनाया है। आने वाले त्योहार भी इसी तरह मिलजुल कर मनाएंगे।







